चारभुजा और सेवंत्री में 22 सितंबर से तीन दिवसीय जलझूलनी एकादशी मेला लगेगा। मेले की तैयारियों को लेकर तहसील कार्यालय के सभागार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मेला मजिस्ट्रेट और कुंभलगढ़ एसडीएम नरेश सोनी ने की। इसमें सरकारी विभागों के अधिकारी, मंदिर के चोटिया भंडारी और पुजारी मौजूद रहे। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक, पानी, इलाज, पार्किंग और साफ-सफाई समेत सभी व्यवस्थाओं को लेकर विभागों की जिम्मेदारी तय की गई। 30 जगह कैमरे, ड्रोन से भी नजर मेले में चोर-उचक्कों पर नजर रखने और भीड़ को संभालने के लिए देवस्थान विभाग 30 अलग-अलग जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। इसके साथ ही ड्रोन से भी पूरे इलाके पर नजर रखी जाएगी। सुरक्षा के लिए बैवाण के साथ 15 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। बैवाण मंदिर से डाकोतियों के दरवाजे और दूध तलाई तक पूरे रास्ते में अतिरिक्त पुलिस जवान लगाए जाएंगे। 11 जगह पानी के टैंकर श्रद्धालुओं के लिए जलदाय विभाग 11 जगहों पर टोंटी वाले पानी के टैंकर लगाएगा। चिकित्सा विभाग मेला शुरू होने से 3 दिन पहले अस्थाई हॉस्पिटल शुरू करेगा। चारभुजा मंदिर की पार्किंग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक-एक एंबुलेंस रखी जाएगी। यहां ऑक्सीजन सिलेंडर और जरूरी इमरजेंसी सामान भी उपलब्ध रहेगा। देवस्थान विभाग 2 क्रेन और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करेगा। दर्शन के लिए अलग-अलग लाइन श्रद्धालुओं को दर्शन में परेशानी न हो, इसके लिए सूरजपोल दरवाजे से मंदिर तक बैरिकेडिंग और रेलिंग लगाई जाएगी। मीराबाई चौक से महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग डबल लाइन बनाई जाएगी। पार्किंग से मंदिर की तरफ आने वाले बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए थ्री-व्हीलर टेंपो की व्यवस्था की जाएगी। इन जगहों पर होगी पार्किंग राजसमंद-गोमती मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए मोराना चौराहा पर पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। देसूरी-केलवाड़ा की तरफ से आने वाली बसों के लिए हिमाचल सूरी चौराहा के पास पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है। शुगर फैक्ट्री की देवस्थान विभाग के कब्जे वाली बंद जगह को भी पार्किंग के लिए इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है। मेले को देखते हुए फालना, राजसमंद, आमेट और उदयपुर आगारों से अतिरिक्त बसें लगाने के लिए सूचना भेजी गई है। ठाकुरजी के बैवाण जाने वाले रास्ते पर किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए तहसील और पंचायत की संयुक्त टीम बनाई जाएगी। सेवंत्री जाने के लिए यह रहेगा रास्ता सेवंत्री जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए नीमड़ी से साथिया होते हुए कसार राम दरबार और मानवतो का गुड़ा से आंवली भागल तक का रास्ता तय किया गया है। रूट: नीमड़ी → साथिया → कसार राम दरबार → मानवतो का गुड़ा → आंवली भागल। युवा पुलिस और वालंटियर भी रहेंगे तैनात कुंभलगढ़ वृत्ताधिकारी जितेंद्र सिंह ने मेले के दौरान व्यवस्था संभालने के लिए युवा पुलिस और स्वयंसेवक वालंटियर तैयार कर तैनात करने की जिम्मेदारी ली है।