चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात को एक सड़क हादसा हुआ है। बानसेन क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर लौट रहे तीन दोस्त कुछ ही दूरी पर हादसे का शिकार हो गए, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। पेट्रोल भरवाने के बाद लौटते समय हुआ हादसा मामले में सामने आया है कि रात 9:40 बजे एक्सीडेंट हुआ, जिसके बाद 10:40 बजे तीनों को अस्पताल लाया गया और करीब 12 बजे दो युवकों की मौत हो गई। भदेसर थाना क्षेत्र में बाइक के आगे चल रहे ट्रक ड्राइवर ने सड़क पर आई गाय को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही बाइक संभल नहीं सकी और सीधे ट्रक से जा टकराई। हादसे में समीर खान और आसिफ खान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार रवि साहू घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में तीन में से दो दोस्तों की मौत बानसेन प्रशासक कन्हैयालाल वैष्णव ने बताया कि बानसेन निवासी 24 वर्षीय समीर खान बाइक चला रहा था। उसके साथ आसिफ खान (21) और रवि साहू बैठे थे। तीनों पहले हाईवे किनारे एक होटल के पास मिले थे। तीनों अच्छे दोस्त थे और साथ में चाय पीने के बाद नायरा पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाया। इसके बाद तीनों गांव की ओर लौट रहे थे। बाइक सर्विस लेन में चल रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही बाइक को संभालने का मौका नहीं मिला और वह ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने पहुंचाई मदद, अस्पताल में दो ने तोड़ा दम हादसे की सूचना मिलते ही बानसेन प्रशासक कन्हैयालाल वैष्णव और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में नेशनल हाईवे की एंबुलेंस भी पहुंची। तीनों घायलों को तुरंत जिला हॉस्पिटल ले जाया गया। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान समीर खान और आसिफ खान ने दम तोड़ दिया। वहीं रवि साहू को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग जिला हॉस्पिटल पहुंच गए। शनिवार सुबह दोनों युवकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोनों परिवारों पर टूटा दुख का पहाड़ इस हादसे ने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया है। समीर खान पेंटिंग का काम करता था और वह एक छोटी बच्ची का पिता था। वहीं आसिफ खान उदयपुर की एक निजी कंपनी में मजदूरी करता था। उसकी पत्नी ने करीब दो महीने पहले ही एक बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची के जन्म की खुशी अभी परिवार में पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थी कि यह हादसा हो गया। ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर भदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को हटाकर हाईवे पर ट्रैफिक को शुरू कराया गया। शनिवार सुबह जिला हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई भदेसर थाने के एएसआई तंवर सिंह झाला की मौजूदगी में पूरी करवाई गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस अब फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।