बीकानेर के खाजूवाला के चक 1 केजेडी स्थित सरकारी स्कूल में ग्रामीणों और युवाओं का धरना-प्रदर्शन शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर रखी है। वहीं पिछले तीन दिनों से पांच युवक पानी की टंकी पर चढ़े हुए हैं। युवकों ने मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। ये युवक टंकी पर ही रात गुजार रहे हैं। टंकी पर चढ़े राजपाल सहारण, मोहनलाल, भागीरथ, थानासिंह और हरजिंद्र शनिवार को दूसरे दिन भी भूखे-प्यासे अनशन पर बैठे हैं। आंदोलनकारियों का आरोप है कि छह दिन से धरना और तालाबंदी के बावजूद खाजूवाला पुलिस-प्रशासन और शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं। उच्च स्तर पर वार्ता नहीं होने से नाराजगी ग्रामीणों और युवाओं का कहना है कि अभी तक प्रशासन की ओर से उच्च स्तर पर कोई वार्ता नहीं की गई है। इससे आंदोलन कर रहे युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी आंदोलन को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। युवा नेता राजपाल सहारण ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग और पुलिस-प्रशासन आंदोलन को हल्के में ले रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्या को लेकर ग्रामीण कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। मांग पूरी नहीं हुई तो टंकी से कूदने की चेतावनी राजपाल सहारण ने कहा कि यदि जल्द ही जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान नहीं करते हैं, तो वह विद्यार्थियों के हित में टंकी से कूदने तक का कदम उठाने के लिए तैयार हैं। चार कमरे और प्रार्थना शेड की मांग ग्रामीणों और युवाओं की मुख्य मांग चक 1 केजेडी के सरकारी स्कूल में चार नए कमरों और एक प्रार्थना शेड की स्वीकृति देने की है। उनका कहना है कि स्कूल में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन शुरू किया है। प्रशासन की ओर से अब तक आंदोलनकारियों से वार्ता नहीं होने के कारण धरना और टंकी पर युवकों का आंदोलन जारी है। कंटेंट : इस्माइल खान, खाजूवाला