चूरू जिले के रतननगर थाना क्षेत्र के ढाढ़रिया चारणान गांव में एक युवक पर कांच की बोतल से हमला किया गया। खेत जा रहे 20 वर्षीय मनीष प्रजापत के सिर, गले और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को परिजनों ने निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। ढाढ़रिया चारणान निवासी मदनलाल प्रजापत ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले परिवार में उनके भाई से किसी बात पर विवाद हुआ था, जो बाद में सुलझ गया था। रास्ते में किया बोतल से हमला मंगलवार सुबह उनका 20 वर्षीय बेटा मनीष पैदल ही खेत जा रहा था। मदनलाल भी उसके पीछे खेत की ओर रवाना हो गए। रास्ते में मनीष को उसका चचेरा भाई नरेंद्र मिला। नरेंद्र ने मनीष के सिर पर कांच की बोतल से हमला कर दिया। उसी बोतल से मनीष के गले और पीठ पर भी हमला किया गया। बोतल के हमले से मनीष के सिर, गले और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान नरेंद्र के पिता आशाराम और मां रजनी भी मौके पर पहुंच गए। घायल बेटे को पिता ने पहुंचाया अस्पताल शोर शराबा सुनकर मदनलाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल मनीष को निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। घायल के परिजनों की ओर से हमले की लिखित शिकायत रतननगर पुलिस को भी दी गई है।