चूरू शहर की शर्मा कॉलोनी में एक बंद घर में चोरों ने सेंधमारी कर सोने-चांदी के जेवरात और 12 हजार रुपए नकद चुरा लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वार्ड 33 निवासी जगदीश प्रसाद स्वामी ने कोतवाली थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई मदनलाल स्वामी का घर राधास्वामी सत्संग के पीछे शर्मा कॉलोनी में मुख्य रोड पर है। मदनलाल की पत्नी उच्छव कंवर 29 अगस्त को अपने बेटे सुरेंद्र के पास बीकानेर गई हुई थीं। शनिवार दोपहर जब उच्छव कंवर घर लौटीं, तो उन्होंने देखा कि घर के कमरों और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। सामान की जांच करने पर पता चला कि चोरों ने अलमारी से 2 सोने की चूड़ी, एक सोने की चेन, एक सोने की कान की कनोती और 12 हजार रुपए नकद चुरा लिए थे। सूचना मिलने पर कोतवाली थाने से एएसआई सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।