गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग के नेटवर्क पर राजस्थान और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ा एक्शन लिया है। टीम ने हिसार से 25 हजार रुपए के इनामी अंतरराज्यीय बदमाश बिंदूउर्फ मिंटू मोडासिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मकोका समेत हत्या और अन्य संगीन अपराधों के कुल 33 मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मिंटू मोडासिया मूल रूप से हरियाणा में भिवानी जिले के बहल का रहने वाला है। उस पर चूरू में एक व्यवसायी के घर पर 1 करोड़ रुपए की रंगदारी वसूलने के लिए हुई अंधाधुंध फायरिंग की वारदात में शूटरों को हथियार सप्लाई करने का आरोप हैं। मामला 14 मई का है, जब चूरू के रेलवे घूमचक्कर के पास रहने वाले कारोबारी सुनील प्रजापत के घर पर दो नकाबपोश बदमाशों ने रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के नाम से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। रुपए न मिलने पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई थी। जांच में सामने आया हिसार कनेक्शन वारदात के बाद चूरू पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की और अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जांच को आगे बढ़ाते हुए जब कड़ियां जोड़ी गईं, तो हरियाणा के बहल निवासी मिंदू उर्फ मिंटू मोडासिया का नाम सामने आया। पुलिस की पड़ताल में खुलासा हुआ कि मिंटू ने ही इस वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर हरदीप सिंह और रोहित को अवैध हथियार मुहैया करवाए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे हिसार से धर दबोचा। मकोका में पैरोल पर बाहर आकर रचा खेल पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मिंटू मोडासिया बेहद शातिर अपराधी है। वह मकोका के तहत मेडिकल आधार पर पैरोल पर जेल से बाहर आया हुआ था। पैरोल पर बाहर रहने के बावजूद वह लगातार अंतरराज्यीय गैंग्स के संपर्क में रहकर गंभीर वारदातें को अंजाम दे रहा था। उस पर विभिन्न राज्यों में हत्या के आधा दर्जन से अधिक मामलों समेत 33 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। विदेश में बैठे आकाओं के संपर्क की जांच हिसार से गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। थानाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से हथियारों की खेप, नेटवर्क और गैंग के बाकी गुर्गों के बारे में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब उन स्थानीय मुखबिरों की तलाश में जुटी है, जो चूरू और आसपास के व्यापारियों के नंबर व पते विदेश में बैठे गैंगस्टर सरगनाओं तक पहुंचाते थे। फिलहाल 4-5 अन्य संदिग्ध भी पुलिस के रडार पर हैं।