दौसा के कृष्ण मंदिरों में जन्माष्टमी को लेकर आस्था और भक्ति का संगम देखने को मिल रहा है। प्राचीन गोविंददेवजी मंदिर, गिरिराज धरण मंदिर, श्याम मंदिर चरणधाम और स्वामीनारायण मंदिर समेत अन्य कृष्ण मंदिरों में दर्शनार्थियों की बड़ी तादात में आवाजाही बनी हुई है। यहां जन्माष्टमी पर्व को लेकर मंदिरों की आकर्षक सजावट की गई है। रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर मंदिर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। आगरा रोड के तीन मंदिरों में सर्वाधिक भीड़ के चलते 150 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एसपी पीयूष दीक्षित, एएसपी शंकर लाल मीणा, सदर थाना इंचार्ज युधिष्ठिर समेत पुलिस अधिकारी तैनात है। कमल के फूल पर विराजे ठाकुरजी मोदी का तिबारा स्थित गोविंददेवजी मंदिर में श्रीनाथजी के स्वरूप में भगवान की मनमोहक झांकी सजाई गई है। पं. राधागोविंद शर्मा ने बताया कि भगवान का अभिषेक कर कमल के फूल पर ठाकुरजी महाराज को विराजमान कराया गया। शाम 5 बजे से झांकी के दर्शन शुरू हुए, मध्य रात्रि को पंचामृत अभिषेक के बाद जन्मोत्सव की महा आरती होगी। गिरिराजधरण मंदिर की भव्य सजावट आगरा रोड स्थित गिरिराजधरण मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। मंदिर के मुख्य दरवाजे से अंदर तक बेरिकेडिंग की गई है। व्यवस्था इस तरह रखी गई है कि श्रद्धालु एक स्थान पर रुकने के बजाय दर्शन करते हुए आगे बढ़ते रहें। मंदिर में करीब 50 हजार पैकेट पंजीरी प्रसाद तैयार किए गए हैं। बंगाल के कलाकारों ने सजाया दरबार नई मंडी रोड स्थित श्याम मंदिर में बंगाल के कलाकारों द्वारा बाबा का दरबार सजाया गया है। प्रतिमा का विशेष श्रृंगार और मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। मंदिर में भजन संध्या का आयोजन भी होगा। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहेंगे। मंदिरों की भव्य सजावट जिला मुख्यालय के नए-पुराने मंदिरों की भव्य सजावट की गई है। आकर्षक रोशनी के साथ भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं की झांकियां सजाई गई हैं। मंदिरों में धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। यहां मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष आरती की जाएगी। इसके बाद प्रसादी का वितरण होगा। शहर में भी विभिन्न संस्थाओं की ओर से भी जगह-जगह झांकियां सजाई जाएंगी। मंदिर के दोनों ओर नो-व्हीकल जोन जन्माष्टमी पर्व पर गिरिराज धरण मंदिर क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस थाना सदर और यातायात पुलिस ने कानून एवं यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान बनाया है। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के दोनों ओर 100-100 मीटर क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में किसी भी श्रद्धालु को वाहन खड़ा नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही मंदिर के मुख्य द्वार के दोनों ओर 100-100 मीटर के दायरे में थड़ी, रेहड़ी या मनोरंजन संबंधी गतिविधियां संचालित नहीं होंगी। श्रद्धालुओं के लिए पुलिस का विशेष यातायात प्लान