दौसा के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल खेड़ला-खुर्द में गुरुवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ एवं ‘हरियालो-राजस्थान’ अभियान के तहत जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी सचिव पीसी किशन ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव पीसी किशन ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती है। इसके नकारात्मक प्रभावों को कम करने में पेड़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पौधारोपण और पौधों के संरक्षण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ कार्बन चक्र को संतुलित रखने में भी मदद मिलती है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से पौधारोपण को अपनी जिम्मेदारी मानने का आह्वान किया। पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल भी जरूरी प्रभारी सचिव ने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना वास्तविक जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और ‘हरियालो-राजस्थान’ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की। स्कूल परिसर में विकसित हो बोटैनिकल गार्डन प्रभारी सचिव ने स्कूल प्रबंधन और प्रशासन को विद्यालय परिसर में बोटैनिकल गार्डन विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों की व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी। साथ ही पर्यावरण के प्रति उनकी समझ और जागरूकता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि बोटैनिकल गार्डन विद्यार्थियों की पढ़ाई में भी उपयोगी साबित होगा। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, मुख्य वन संरक्षक पी. कथिरवेल, उप वन संरक्षक प्रशांत गर्ग, जिला परिषद के सीईओ बिरदी चंद गंगवाल और नांगल राजावतान एसडीएम यशवंत मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।