डीग में एंटी रोमियो टीम ने ग्रामीणों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक बाइक चोर को पकड़ा है। आरोपी को पान्हौरी टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, नारायणा गांव से एक बाइक चोरी हुई थी। चोरी के बाद ग्रामीणों ने अपनी स्तर पर तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक चोरी की बाइक लेकर नगर की ओर भाग रहा है। ग्रामीणों ने तत्काल क्षेत्र में गश्त कर रही एंटी रोमियो टीम को इसकी सूचना दी। हेड कॉन्स्टेबल जगन्नाथ के नेतृत्व में टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया। टीम ने पान्हौरी टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर बाइक सवार संदिग्ध युवक को रोक लिया। पूछताछ के दौरान युवक बाइक के कागजात और स्वामित्व के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसके जवाब संदिग्ध पाए जाने पर एंटी रोमियो टीम ने सदर थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी और बरामद बाइक को अपनी हिरासत में ले लिया। सदर थाना पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की इस वारदात में वह अकेला शामिल था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी जुड़ा हुआ है। कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल जगन्नाथ, कॉन्स्टेबल दुलीचंद, कॉन्स्टेबल वेदपाल और कॉन्स्टेबल कमलेश वैष्णव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।