सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ डीग पुलिस ने ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 33 साइबर ठगों को गिरफ्तार और 3 बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया। कार्रवाई में पुलिस ने 30 मोबाइल फोन, 49 फर्जी सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड और 3 बैंक पासबुक बरामद की हैं। इसके अलावा साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई दो बोलेरो गाड़ियां और एक बाइक भी जब्त की गई है। कैथवाड़ा में दो जगह दबिश, 17 साइबर ठग गिरफ्तार ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत कैथवाड़ा थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। टीम ने दोंदड़ी से भुआपुरगढ़ी जाने वाले कच्चे रास्ते और औलन्दा पहाड़ की तलहटी में कार्रवाई करते हुए 17 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 17 मोबाइल फोन, 21 फर्जी सिम, 8 एटीएम कार्ड और 2 बैंक पासबुक बरामद हुईं। पुलिस ने ठगी के पैसों से खरीदी गई दो बोलेरो और एक बाइक भी जब्त की। साइबर पोर्टल पर 12 शिकायतों का रिकॉर्ड पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ साइबर पोर्टल पर 12 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें करीब 2 लाख 43 हजार 15 रुपए के संदिग्ध धोखाधड़ी वाले लेनदेन का रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस अब इन लेनदेन और आरोपियों के बैंक खातों की जांच कर रही है। सीकरी में 8 आरोपी गिरफ्तार, किशोर भी निरुद्ध सीकरी थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक अन्य मामले में कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी निरुद्ध किया गया। आरोपियों के कब्जे से 6 एंड्रॉयड मोबाइल और 5 फर्जी सिम बरामद किए गए। पुराने सिक्कों का विज्ञापन देकर करते थे ठगी जुरहरा थाना पुलिस ने पुराने सिक्कों की खरीद-बिक्री के नाम पर ठगी करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक म्यूल बैंक खाते के धारक को भी पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और 5 फर्जी सिम बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी नाम और पते से अकाउंट बनाते थे। इन अकाउंट के जरिए पुराने सिक्कों को ऊंचे दामों पर खरीदने-बेचने के विज्ञापन पोस्ट किए जाते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों को अलग-अलग तरीके से झांसे में लेकर साइबर ठगी की जाती थी। डीग कोतवाली में 2 और गोपालगढ़ में कार्रवाई डीग कोतवाली पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 मोबाइल और 15 फर्जी सिम बरामद किए। वहीं, गोपालगढ़ थाना पुलिस ने एक म्यूल अकाउंट धारक/साइबर ठग को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया। इनके कब्जे से 3 मोबाइल, 3 फर्जी सिम और एक बैंक पासबुक जब्त की गई। फर्जी सिम और म्यूल खातों पर पुलिस का फोकस ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत हुई कार्रवाई के बाद पुलिस अब साइबर ठगी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जब्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का विशेष फोकस फर्जी सिम, म्यूल बैंक खातों और ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों पर है। जांच के जरिए पुलिस साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।