डीग में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में संभागीय आयुक्त और डीग की प्रभारी सचिव नलिनी कठोतिया ने गुरुवार को यह बैठक ली। इस बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर मयंक मनीष, साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ भी मौजूद रहे। सभी चुनाव प्रकोष्ठ प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की बिंदुवार जानकारी ली गई। चुनावी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश संभागीय आयुक्त ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईवीएम की पहली जांच, ईवीएम आवंटन, मतदान दलों के गठन और प्रशिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को चुनाव से जुड़े सभी काम समय पर पूरे करने को कहा गया। कठोतिया ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार घूमकर आदर्श आचार संहिता और कानून-व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर खास सतर्कता बरतने को कहा। इन केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, वीडियोग्राफी और वेबकास्टिंग जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र परमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह, विभिन्न चुनाव प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी, पशुपालन विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।