कोटा में नगर निगम चुनाव में पार्षद बनने के लिए भाग्य आजमा रहे कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों पर मारपीट करने, रास्ता रोकने के आरोप हैं। इनमें कई उम्मीदवारों पर पब्लिक सर्वेंट के आर्डर को नहीं मानने, अश्लील सामग्री सार्वजनिक करने, भावनाओं का आहत पहुंचाने, लापरवाही से गाड़ी चलाने के भी केस दर्ज हैं। दोनों दलों के 200 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से 5% यानी 10 पर आपराधिक केस हैं। इसकी जानकारी उम्मीदवारों ने अपने हलफनामे में दी है। इनमें 6 प्रत्याशी बीजेपी के और 4 कांग्रेस के हैं। भाजपा प्रत्याशी पर अश्लील सामग्री सार्वजनिक करने का केस वार्ड 50 से भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र सिंह के खिलाफ अश्लील सामग्री सार्वजनिक करने, भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज हैं। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। जितेंद्र सिंह का तीसरा चुनाव है। पहला चुनाव निर्दलीय जीता था। दूसरा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़कर जीते। अब बीजेपी से चुनावी मैदान में हैं। वहीं वार्ड 28 से भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र सिंह (39), वार्ड 33 से भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश खटाना (45) और वार्ड 69 से भाजपा प्रत्याशी जयराज सिंह (30) के खिलाफ के खिलाफ पब्लिक सर्वेंट के आर्डर को नहीं मानने, वार्ड 65 से भाजपा प्रत्याशी नागेंद्र सिंह (48) और वार्ड 74 के प्रत्याशी पराग शर्मा (49) के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज हैं। फिलहाल मामले कोर्ट में विचाराधीन हैं। कांग्रेस प्रत्याशी पर रास्ता रोककर मारपीट करने, सड़क पर हंगामा करने का केस वार्ड 52 से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित महावर (39) के खिलाफ रास्ता रोककर मारपीट करने का मामला दर्ज है, जबकि वार्ड 65 से कांग्रेस प्रत्याशी भंवर सिंह (48) के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने, एक्सीडेंट का मामला दर्ज है। वार्ड 45 से कांग्रेस प्रत्याशी फरीदद्दीन (42) के खिलाफ शांति भंग और सड़क पर हंगामा करने का मामला दर्ज है। फरीदद्दीन कोटा उत्तर निगम में डिप्टी मेयर रहे हैं। वार्ड 28 से प्रत्याशी नरेंद्र सिंह (32) के खिलाफ भी मारपीट का मामला दर्ज हैं। फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।