राजस्थान के ग्रामीण LPG उपभोक्ताओं को राहत देते हुए रिफिल बुकिंग के अंतर में बदलाव किया गया है। अब ग्रामीण उपभोक्ता पिछली रिफिल के 45 दिन बाद के बजाय 25 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे। यानी घरेलू रसोई गैस की अगली रिफिल के लिए निर्धारित अंतराल 20 दिन कम कर दिया गया है। इस बदलाव से नियमित रूप से LPG सिलेंडर की जरूरत वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी। मार्च में ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद शुरू हुई रसोई गैस किल्लत के बाद मंत्रालय ने रिफिल पर 45 दिन का राइडर लगाया था। ग्रामीण LPG उपभोक्ता 25 दिन में कर सकेंगे रिफिल बुक पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से जारी आदेशों में तीनों प्रमुख तेल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) को अब शहरी गैस उपभोक्ताओं के साथ-साथ ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी रिफिल का अंतराल 25 दिन निर्धारित करने के लिए कहा है। यानी अब ग्रामीण क्षेत्रों में दो रीफिल बुकिंग के बीच का अंतर 45 दिन के बजाए 25 दिन का रहेगा। शहरी क्षेत्रों में पहले से 25 दिन का अंतर लागू था। युद्ध बंद होने के बाद LPG की सप्लाई की स्थिति में सुधार और लंबित रीफिल ऑर्डर यानी बैकलॉग में काफी कमी आने के बाद मंत्रालय ने इस व्यवस्था की समीक्षा की है। इस निर्णय से खासकर उन परिवारों के लिए यह राहत महत्वपूर्ण होगी, जिनकी घरेलू LPG खपत ज्यादा है और जिन्हें 45 दिन का अंतर लंबा पड़ रहा था।