भंवरगढ़| कस्बे के समीपवर्ती रामपुरिया जागीर गांव में एनएच-27 पर पुलिया के ऊपर सड़क के बीचों-बीच हो रहा गहरा गड्ढा वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। बारिश के बाद इस गड्ढे में पानी भरने से गहराई और स्थिति का पता नहीं चलने से वाहन चालक गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार को एक ही दिन में यहां करीब 5 हादसे हुए। गड्ढे में वाहन गिरने से कई बाइक के रिम टूट गए। कारों के स्टेपनी समेत दूसरे हिस्से भी क्षतिग्रस्त हुए। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की हालत लंबे समय से ऐसी है। संबंधित हाईवे विभाग ने अब तक मरम्मत नहीं कराई। ग्रामीणों ने प्रशासन और हाईवे विभाग को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि गड्ढा जल्द नहीं भरा गया तो हाईवे पर जाम लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि मौके पर तुरंत टीम भेजकर गड्ढे को भरा जाए। सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए। बारिश के दौरान सुरक्षा के लिए चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।