धमोरा गांव की राधे गोशाला में रक्षाबंधन पर गांव की युवतियों ने गोशाला में मौजूद 51 गायों और नंदी को राखी बांधकर उनकी रक्षा और सेवा का संकल्प लिया। इस दौरान गोशाला परिसर का माहौल भक्तिमय रहा। यह परंपरा गोशाला के निर्माण के समय से ही चली आ रही है। इसी क्रम में इस वर्ष भी युवतियों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार गायों और नंदी का पूजन किया और उन्हें रक्षा सूत्र बांधे। राखी बांधने के बाद गायों को गुड़, दलिया और हरा चारा खिलाया गया। इस अवसर पर सलोनी अग्रवाल, हर्षिता अग्रवाल, चारू शर्मा, मनीषा सर्राफ, भावना योगी, रिया योगी एवं जशिका शेखावत सहित कई युवतियां मौजूद थीं। युवतियों ने बताया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि यह जीवों के प्रति दया, सेवा और संरक्षण की भावना का भी संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान गोशाला में मनोज सैन, नरेश शर्मा, ओमवीर सिंह, हेमेन्द्र सिंह, प्रेम सिंह, वीरेंद्र कुमावत, नरेंद्र सिंह, शक्ति सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने युवतियों की इस पहल की सराहना की और गोसेवा को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।