बेलारूस की महिला टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका US ओपन महिला सिंगल्स के फाइनल में जगह बन ली है। उन्होंने गुरुवार को न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला को 7-5, 6-2 से हराया। अब शनिवार को जीत के साथ वह ओपन ऐरा में लगातार तीन US ओपन खिताब जीतने वाली खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगी। सेरेना विलियम्स ने 2012 से 2014 तक लगातार तीन, जबकि क्रिस एवर्ट ने 1975 से 1978 तक लगातार चार US ओपन खिताब जीते थे। टेनिस में ओपन ऐरा की शुरुआत 1968 से माना जाता है। इसमें प्रोफेशनल खिलाड़ियों को भी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में खेलने की अनुमति मिली थी। US ओपन में लगातार 19वीं जीत इस जीत के साथ सबालेंका की US ओपन में लगातार जीत का सिलसिला 19 मैचों का हो गया। वह 2023 के फाइनल में गॉफ से हारने के बाद से इस टूर्नामेंट में अजेय हैं। चौथी बार US ओपन के फाइनल में पहुंची यह सबालेंका का US ओपन में लगातार चौथा फाइनल है। वह 2023 में भी खिताबी मुकाबले तक पहुंची थीं, लेकिन कोको गॉफ से हार गई थीं। इसके बाद उन्होंने 2024 और 2025 में लगातार खिताब जीते। अब शनिवार को जीत उन्हें न्यूयॉर्क में लगातार तीन खिताब जीतने वाली दूसरी महिला खिलाड़ी बना देगी, जिसने ओपन एरा में यह उपलब्धि हासिल की है। पहले सेट में बराबरी का मुकाबला, दूसरे सेट में सबलेंका का दबदबा पहले सेट में एक समय स्कोर 6-5 तक पहुंच गया था। इसके बाद सबालेंका ने लगातार दबाव बनाया और 0-40 की बढ़त हासिल कर ली और पहला सेट 7-5 से जीत लिया। दूसरे सेट में सबालेंका ने शुरू से दबदबा बनाए रखा और 3-1 की बढ़त बना ली और दूसरा सेट 6-2 से अपने नाम किया। मैच के बाद सबालेंका ने कहा, "मैं बेहद खुश हूं कि इस स्तर का टेनिस खेल सकी। मैं जीतने के लिए बहुत बेताब थी। मैं इसे बेहद चाहती थी।" फाइनल में रायबाकिना या गॉफ से मुकाबला शनिवार को होने वाले महिला सिंगल्स फाइनल में सबालेंका का सामना एलेना रायबाकिना और कोको गॉफ के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से होगा। अगर गॉफ फाइनल में पहुंचती हैं तो यह 2023 US ओपन फाइनल का रीमैच होगा। 2023 में गॉफ ने सबालेंका को हराकर खिताब जीता था। वहीं, रायबाकिना के खिलाफ मुकाबला होने पर सबालेंका के सामने एक अलग तरह की चुनौती होगी।