भास्कर न्यूज | सादुलपुर यमुना जल समझौते के तहत प्रस्तावित हांसियावास डैम के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में हांसियावास डैम किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में तांबाखेड़ी गांव में धरना मंगलवार को 13वें दिन भी जारी रहा। किसानों ने कहा कि आठ गांवों की भूमि उपजाऊ है और डैम के लिए उपजाऊ भूमि का अधिग्रहण करने के बजाय किसी अन्य स्थान पर अनुपजाऊ भूमि का चयन किया जाए। संघर्ष समिति अध्यक्ष लोकराम भादू ने कहा कि किसान किसी भी कीमत पर अपनी भूमि का अधिग्रहण नहीं होने देंगे। किसान नेता महेंद्र सिंह सहारण ने कहा कि समिति किसानों की मांग को लेकर मजबूती से संघर्ष करेगी और भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। इधर, हांसियावास गांव में ग्रामीणों ने मशाल जुलूस और कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। ग्रामीण हाथों में मशाल और मोमबत्तियां लेकर गांव में निकले तथा डैम निर्माण और भूमि अधिग्रहण के खिलाफ रोष जताया। सोमवार शाम को धरने पर पहुंचे तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा गया।