धौलपुर जिले में सड़क पर भरे पानी के कारण तेज रफ्तार ईको वैन बेकाबू होकर तालाब में गिर गई। हादसे में 3 बच्चों समेत 4 लोगों मौत हो गई। 5 लोग घायल हो गए, जिनको जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में मरने वालों में बेटा-बेटी और मां शामिल है। वैन में सवार लोग मध्यप्रदेश और धौलपुर के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार हैं। वे फूलपुर में जहारवीर मंदिर जा रहे थे। हादसा मनियां थाना क्षेत्र में हुआ। देखिए हादसे से जुड़ी 2 तस्वीरें… 3 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत ASI लाखन सिंह ने बताया- दोपहर करीब 1 बजे ईको वैन तालाब में गिर गई। वैन में 11 लोग सवार थे। हादसे में सपना (32) पत्नी शैलेश निवासी तसीमो (धौलपुर), उसके बेटे हर्षित (1) और बेटी प्राची (3), दिव्यांश (3) पुत्र पुष्पेंद्र निवासी मुरैना (मध्य प्रदेश) की मौत हो गई। वहीं, 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको मनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद धौलपुर अस्पताल रेफर कर दिया। 2 को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों से जानकारी जुटाई। गांव वालों ने वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला ASI ने बताया- वैन के तालाब में गिरने पर अंदर बच्चों और महिलाओं ने शोर मचाया तो आवाज सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे और बिना देर किए बचाव काम शुरू किया। काफी कोशिश के बाद वैन में फंसे बच्चों और महिलाओं को बाहर निकाला जा सका। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण इलाके की सड़कों पर पानी भर गया है। इसके कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। सड़क पर भरे पानी के कारण तेज रफ्तार वैन बेकाबू हो गई और तालाब में गिर गई। -------------- ये खबर भी पढ़ें जन्माष्टमी पर प्रसाद लेकर लौट रहे चाचा-भतीजे की मौत:खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक; रोते हुए साथ जाने की जिद कर रहा था जालोर में जन्माष्टमी के दिन शुक्रवार रात को बाइक सवार चाचा और भतीजे की मौत हो गई। दोनों जन्माष्टमी पर प्रसाद (मिठाई-फल) लेकर अपने गांव निबलाना लौट रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। (पूरी खबर पढ़ें)