धौलपुर के कौलारी थाना क्षेत्र के बरा गांव के पास नाले में गिरे 55 वर्षीय कल्ली पुत्र घूरेलाल बघेल की तलाश रविवार सुबह फिर से शुरू कर दी गई है। शनिवार देर रात अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान रोक दिया गया था। हादसे की जानकारी मिलने पर कौलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसके बाद SDRF टीम को बुलाया गया और शनिवार को काफी देर तक नाले में तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, कल्ली का कोई सुराग नहीं मिल सका था। ग्रामीणों की भीड़ जुटी रविवार सुबह रोशनी होने के बाद SDRF टीम ने दोबारा नाले में उतरकर कल्ली की तलाश शुरू की। पुलिस की मौजूदगी में टीम नाले के आसपास और पानी के बहाव वाले संभावित स्थानों पर सर्च कर रही है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जमा है, जो कल्ली के सकुशल मिलने की उम्मीद कर रही है। कौलारी थाना अधिकारी हरिनारायण मीणा ने बताया कि शनिवार को अंधेरा ज्यादा होने के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा था। रविवार सुबह रोशनी होने पर SDRF टीम को फिर से मौके पर बुलाकर तलाश शुरू कराई गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक शख्स का कोई पता नहीं चल सका है और बचाव अभियान जारी है।