धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डों में पार्षद पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। पिछले दो दिनों में कुल 115 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। हालांकि, 12 वार्ड ऐसे भी हैं जहां अभी तक एक भी नामांकन दर्ज नहीं हुआ है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश राव ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में प्रत्याशी और उनके समर्थक निर्वाचन कार्यालय पहुंचे, जिससे परिसर में दिनभर भीड़भाड़ रही। प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किए। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 2, 30, 35 और 47 में सर्वाधिक पांच-पांच नामांकन दाखिल हुए हैं। वहीं, वार्ड नंबर 1, 27, 41 और 42 में चार-चार नामांकन दर्ज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर 3, 5, 15, 24, 26, 32, 36, 40, 49 और 58 में तीन-तीन उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं। कई अन्य वार्डों में भी एक या दो नामांकन प्राप्त हुए हैं। दूसरी ओर वार्ड नंबर 4, 6, 16, 17, 19, 21, 23, 31, 52, 54, 57 और 59 में अब तक एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। यह स्थिति राजनीतिक दलों द्वारा अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी न करने के कारण बनी है। राजनीतिक दलों की ओर से अभी तक अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि कई संभावित उम्मीदवार अंतिम दिन का इंतजार कर रहे हैं। सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने पहुंचने की संभावना है, जिससे केंद्रों पर भीड़ बढ़ सकती है।