धौलपुर-गंगापुर रेल लाइन पर नरपुरा स्टेशन के पास अंडरपास संख्या 9 इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। अंडरपास में पानी भरा होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं। यह अंडरपास धौलपुर और सरमथुरा के बीच स्थित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश के बाद अंडरपास में पानी जमा हो जाता है। लेकिन, रेलवे प्रशासन की ओर से पानी निकालने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। लंबे समय से पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी होती है। कई बार लोग पानी के बीच से ही निकलने को मजबूर होते हैं। रात के समय हादसे का ज्यादा डर लोगों का कहना है कि अंडरपास में पानी भरने से सड़क की हालत भी खराब हो रही है। पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं होने से वाहन चालकों के हादसे का शिकार होने का डर बना रहता है। खासकर रात के समय यहां दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से अंडरपास में जमा पानी को तुरंत निकालने और पानी की स्थायी निकासी का इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन इस पर ध्यान देगा।