धौलपुर में पुलिस ने नगरीय निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण, भयमुक्त और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की है। इसी क्रम में एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर रविवार देर शाम निहालगंज थाना पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। इस मार्च का नेतृत्व सीओ धौलपुर प्रदीप नेहरा और निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। इस दौरान आमजन को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान करने का संदेश दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने, मतदाताओं को डराने-धमकाने या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तैयारियों का भी निरीक्षण किया पुलिस दल ने फ्लैग मार्च के दौरान रास्ते में आने वाले मतदान केंद्रों और बूथों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथों की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के क्षेत्रों और आने-जाने वाले मार्गों का जायजा लिया। चुनाव के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था की तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे बिना किसी दबाव या भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। पुलिस ने आश्वासन दिया कि नगरीय निकाय चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा कानून व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने असामाजिक तत्वों को भी कड़ा संदेश दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और मतदाताओं के लिए भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है।