धौलपुर में पुलिस ने मढ़ाभाऊ-मनियां रोड पर 25 अगस्त की शाम सेल्समैन से हुई 80 हजार रुपए की लूट का खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक आरोपी सागर (23) पुत्र बनवारी, निवासी दिहौली को मध्य प्रदेश के मुरैना से गिरफ्तार किया गया है। वारदात में 3 बदमाश शामिल थे, जिनमें से 2 अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार 25 अगस्त की शाम सेल्समैन मढ़ाभाऊ-मनियां रोड से गुजर रहा था। तभी बदमाशों ने उसे रोक लिया और कट्‌टे का डर दिखाकर उसकी आंखों में मिर्ची डाल दी। इसके बाद बदमाश उसका बैग छीनकर फरार हो गए। लूटे गए बैग में लगभग 80 हजार रुपए नकद, 1 मोबाइल फोन और रसीद बुक थी। पीड़ित की रिपोर्ट पर दिहौली थाने में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। एएसपी वैभव शर्मा और वृत्ताधिकारी मनियां खलील अहमद के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी अशोक कुमार ने टीम के साथ जांच शुरू की। पड़ताल करते हुए पुलिस ने आरोपी सागर को मुरैना में गिरफ्तार कर लिया।