धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में स्थित महाराज उदयभान सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मुख्य गेट पर एक जहरीला सांप निकल आया। सांप को देखकर स्कूल और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद रमाकांत शुक्ला ने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम वहां पहुंची। टीम के सदस्य राधाकृष्ण शर्मा और दूसरे कर्मचारियों ने सावधानी से सांप को पकड़ लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा वन विभाग के कर्मचारी राधाकृष्ण शर्मा ने बताया कि बारिश के मौसम में सांप और दूसरे जहरीले जीव अक्सर सुरक्षित जगह की तलाश में घरों और आबादी वाले इलाकों में आ जाते हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि सांप दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। इसकी जानकारी तुरंत वन विभाग या किसी प्रशिक्षित टीम को दें। रेस्क्यू टीम के मुताबिक सांप को एक सुरक्षित जगह ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया।