डीडवाना के राजकीय बांगड़ कॉलेज में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। यह आयोजन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर हुआ। इस दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। महिला वर्ग की 200 मीटर दौड़ में कंचन ने प्रथम, उषा ने द्वितीय और कृष्णा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में प्रीति प्रथम, उषा द्वितीय और मोनिका तृतीय रहीं। पुरुष वर्ग की 200 मीटर दौड़ में नारायण प्रथम, गणेश गुर्जर द्वितीय और नवीन रामावत तृतीय स्थान पर रहे, जबकि 400 मीटर दौड़ में लक्ष्मण ने पहला, गणेश ने दूसरा और नेमाराम ने तीसरा स्थान हासिल किया। गोला फेंक प्रतियोगिता में गणेश स्वामी ने प्रथम और गणेश गुर्जर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में कुलदीप शर्मा प्रथम, विकास मेघवाल द्वितीय और मोहित सिंह तृतीय रहे। रस्साकशी के महिला वर्ग में लक्ष्मीबाई दल और पुरुष वर्ग में भगत सिंह दल विजेता घोषित किए गए। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. मनीषा गोदारा ने विद्यार्थियों को आगामी सत्र में विश्वविद्यालय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। खेल अधिकारी छोटाराम मेघवाल ने विश्वविद्यालय के खेल कैलेंडर और आगामी टूर्नामेंट में भाग लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। सीटीओ जेठाराम चौधरी ने विद्यार्थियों को जीवन में खेलों के महत्व और खेल जागरूकता पर संबोधित किया।