डीडवाना-कुचामन जिले में नगरीय निकाय चुनाव-2026 के लिए मतदान दिवसों पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। राज्य निर्वाचन आयोग के चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को होगा। वहीं, दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत, जिन निर्वाचन क्षेत्रों में जिस चरण में मतदान होगा, वहां संबंधित मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इससे मतदाता अपने मताधिकार का आसानी से प्रयोग कर सकेंगे। अगर किसी निर्वाचन क्षेत्र में किसी वजह से फिर से मतदान की नौबत आती है, तो जिस मतदान क्षेत्र में पुनर्मतदान होगा, वहां उस तारीख को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।