डीडवाना नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन था। इस दौरान राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों की सूची रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) कार्यालय में जमा करा दी। डीडवाना के कुल 40 वार्डों में से कांग्रेस ने 37 और भाजपा ने 34 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। दोनों ही प्रमुख दलों ने कुछ वार्डों में रणनीति के तहत अधिकृत प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है। हालांकि, प्रत्याशियों की सूची अभी तक मीडिया के लिए सार्वजनिक नहीं की गई है। कांग्रेस की ओर से विधानसभा प्रभारी राजकुमार पंवार और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हिदायत खान ने उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम राजवीर सिंह यादव को 37 प्रत्याशियों की सूची सौंपी। कांग्रेस ने वार्ड संख्या 23, 24 और 33 में अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। कांग्रेस प्रभारी राजकुमार पंवार ने बताया कि इन तीन वार्डों में पार्टी ने रणनीतिक कारणों से उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि कांग्रेस इन वार्डों से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के साथ गठबंधन कर सकती है। पंवार ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और नगर परिषद में पूर्ण बहुमत के साथ अपना बोर्ड बनाएगी। टिकट वितरण से संभावित नाराजगी और बगावत के सवाल पर पंवार ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पार्टी है और सभी से सलाह-मशविरे के बाद ही टिकट तय किए गए हैं। उन्होंने किसी भी तरह की बगावत से इनकार करते हुए पार्टी की एकजुटता पर जोर दिया। भाजपा ने 34 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए वहीं, भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा और प्रभारी नारायण सिंह मिंडकिया भी आरओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसडीएम राजवीर सिंह यादव को भाजपा के 34 प्रत्याशियों की सूची सौंपी। भाजपा ने कुल 40 वार्डों में से 34 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि 6 वार्डों में पार्टी ने अधिकृत उम्मीदवार नहीं उतारने का निर्णय लिया है। भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने स्पष्ट किया कि जिन वार्डों में भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है, वहां पार्टी रणनीति के तहत निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देगी। जोधा ने पार्टी में किसी भी प्रकार की बगावत से इनकार करते हुए कहा कि सभी उम्मीदवारों को पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि चुनाव में अधिकृत उम्मीदवार के रूप में कमल का फूल ही पार्टी का प्रत्याशी होगा। विधायक यूनुस खान के प्रत्याशियों को लेकर भाजपा का हमला भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने विधायक यूनुस खान द्वारा अपने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने को लेकर कहा कि यह भाजपा के वोटों को तोड़ने का प्रयास है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि भाजपा के मतदाता और कार्यकर्ता किसी के बहकावे में नहीं आएंगे। डीडवाना नगर परिषद के लिए भाजपा की सूची जारी लाडनूं नगर पालिका के लिए भाजपा की सूची जारी