डीडवाना-कुचामन की परबतसर थाना पुलिस ने 12 चक्का डम्पर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शकील (38) पुत्र कमरूद्दीन, निवासी मारोन, थाना रोजका मेव, जिला नूंह, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस अब चोरी किए गए डम्पर की बरामदगी के साथ वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। रात में पेट्रोल पंप से गायब हुआ डम्पर पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त की शाम पीपलाद निवासी पांचुराम ने अपना 12 चक्का डम्पर संस्कार फिलिंग स्टेशन, पीपलाद रोड पर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह करीब 8 से 9 बजे जब वह डम्पर लेने पहुंचा तो वाहन मौके से गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी डम्पर का पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई और परबतसर थाने में मामला दर्ज कराया गया। 1:15 बजे कैमरे में कैद हुई वारदात जांच के दौरान पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें रात करीब 1:15 बजे एक अज्ञात व्यक्ति डम्पर चोरी कर परबतसर की ओर ले जाता हुआ दिखाई दिया। यहीं से पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाया और डम्पर के संभावित रूट को ट्रैक करना शुरू किया। 500 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर भूपेन्द्र शर्मा और वृताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में थानाधिकारी सुमन बुन्देला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के साथ-साथ डम्पर के संभावित आवागमन वाले रास्तों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया। तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस लगातार जांच और फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस को वारदात में शामिल आरोपी की पहचान करने में सफलता मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित ठिकाने का पता लगाते हुए शकील को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से अब चोरी किए गए डम्पर के संबंध में पूछताछ की जा रही है। डम्पर की बरामदगी और अन्य आरोपियों पर फोकस पुलिस के मुताबिक, मामले में अनुसंधान अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी किए गए डम्पर की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका कार्रवाई में परबतसर थाने के सहायक उपनिरीक्षक शिवभगवान, राजेन्द्र प्रसाद, साइबर सेल डीडवाना के प्रभारी प्रेमप्रकाश सहित पुलिस थाना मारोठ, नांवा सिटी और परबतसर के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।