डीडवाना। रक्षाबंधन पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा। इस अवसर पर दूर-दराज के भाइयों तक राखियां सुरक्षित पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष पहल की है। मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए, डाक विभाग ने राखियों के लिए वाटरप्रूफ लिफाफे और विशेष वाटरप्रूफ बॉक्स उपलब्ध कराए हैं। डीडवाना प्रधान डाकघर में राखी डिलीवरी के लिए एक विशेष काउंटर भी शुरू किया गया है। इन वाटरप्रूफ बॉक्स के माध्यम से बहनें राखी के साथ मिठाई, कुमकुम और पूजा सामग्री जैसी वस्तुएं भी सुरक्षित भेज सकेंगी। इससे बारिश के मौसम में सामान के खराब होने की चिंता नहीं रहेगी। डीडवाना प्रधान डाकघर के डाकपाल महेश कुमार टाक ने बताया कि डाक विभाग ने राखियों की सुरक्षित डिलीवरी के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। डाक निरीक्षक देवीचंद कटारिया ने जानकारी दी कि डाक विभाग देश के दूर-दराज क्षेत्रों के साथ-साथ विदेशों में भी राखियां पहुंचाने की सुविधा प्रदान कर रहा है। इसके लिए नाममात्र का शुल्क लिया जा रहा है, ताकि राखियां समय पर और सुरक्षित गंतव्य तक पहुंच सकें। डाक विभाग की यह पहल दूर बैठे भाई-बहनों के बीच राखियों के आदान-प्रदान को सुगम बनाने में सहायक होगी।