दुबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में एक यात्री ने जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि यात्री ने विमान के इमरजेंसी एग्जिट डोर को खोलने की कोशिश की, जिसे क्रू मेंबर ने काफी मशक्कत के बाद रोका। जयपुर एयरपोर्ट पर विमान के जयपुर में लैंड होने के बाद यात्री को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। मामले में यात्री की हरकत और उसके पीछे की वजह को लेकर जांच की जा रही है। घटना एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX - 196 में मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। यात्री की हरकत से विमान में मौजूद अन्य यात्रियों के बीच भी हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट रात 3 बजकर 12 मिनट पर दुबई से जयपुर के लिए रवाना हुई थी। जो सुबह 8 बजकर 2 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंची थी। क्रू मेंबर ने यात्री को रोका दरअसल, मिड-एयर विमान में यात्री (बाबूलाल) अचानक हंगामा करने लगा। इसी दौरान उसने विमान के इमरजेंसी एग्जिट डोर को खोलने की कोशिश की। विमान में मौजूद क्रू मेंबर ने समय रहते यात्री को रोक लिया। क्रू मेंबर की सतर्कता से यात्री इमरजेंसी गेट खोलने में सफल नहीं हो सका। इसके बाद विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया। लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला जयपुर एयरपोर्ट पर विमान के लैंड होने के बाद संबंधित यात्री को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां यात्री से पूछताछ कर रही हैं, इसके साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने विमान में इस तरह की हरकत क्यों की। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था भी अलर्ट मोड पर आ गई। फिलहाल पूरे मामले में सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही यात्री की हरकत और उसके पीछे की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।