डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के बलवनिया गांव में एक युवक ने खेत में पेड़ से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौरासी थाना पुलिस के अनुसार बलवनिया निवासी सुरेश आमलिया ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके भाई राकेश कुमार ने अपने खेत के किनारे लगे एक पेड़ पर साड़ी का फंदा बनाकर फंदा लगा लिया। घटना का पता तब चला जब राकेश की बहू और मां ने उसे फंदे पर लटका देखा। उन्होंने तुरंत सुरेश को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और राकेश को फंदे से नीचे उतारा। परिजन राकेश को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल युवक की आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। चौरासी थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।