डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र में एक युवक को लाठी-डंडों से पीटकर लूट लिया गया। बदमाश युवक से 15 हजार रुपए नकद और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, अन्नपुरा निवासी रामलाल अहरी अपनी मासी के घर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते में 4 से 5 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। बदमाशों ने रामलाल को लाठी-डंडों और लात-घूसों से पीटा। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रामलाल को गेजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रामलाल के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायल रामलाल के चचेरे भाई मोहनलाल ने घटना की जानकारी दी।