डूंगरपुर में कांग्रेस एससी विभाग ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी कार्यक्रम स्थल के कथित 'शुद्धिकरण' और राहुल गांधी पर दर्ज FIR के विरोध में किया गया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए FIR रद्द करने की मांग की है। ऑल इंडिया कांग्रेस एससी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक और पीसीसी प्रदेश प्रवक्ता डॉ. शंकर यादव ने भाजपा और RSS की नीतियों पर हमला बोला। उन्होंने बताया कि मल्लिकार्जुन खड़गे हल्द्वानी में एक जनसभा को संबोधित करने गए थे। उनके कार्यक्रम के 2 दिन बाद भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों ने उस जगह का 'शुद्धिकरण' किया। डॉ. यादव ने इसे सिर्फ एक नेता का नहीं, बल्कि देश के सबसे बड़े दलित नेता और पूरे दलित वर्ग का सीधा अपमान बताया। राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन यादव ने कहा कि जब राहुल गांधी ने इस सामाजिक अन्याय और छुआछूत के खिलाफ आवाज उठाई, तो उल्टा उनके ही खिलाफ FIR दर्ज करवा दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि FIR दर्ज कराने वाले RSS और भाजपा से जुड़े हैं। इससे साफ होता है कि ये संगठन लोकतंत्र और संविधान में भरोसा नहीं रखते। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस एससी विभाग ने कलेक्टर को राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें राहुल गांधी के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से दर्ज FIR को तुरंत वापस लेने की मांग की गई। साथ ही, हल्द्वानी में खड़गे के कार्यक्रम स्थल का 'शुद्धिकरण' कर छुआछूत को बढ़ावा देने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।