डूंगरपुर जिले में ऑल ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। एसोसिएशन से जुड़े ड्राइवर बेड़ियों में बंधकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी 30 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने एडीएम को प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। ऑल ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गणेश कटारा के नेतृत्व में चालक कलेक्ट्रेट पर इकट्ठा हुए। इस दौरान बेड़ियों में बंधे चालकों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने देशभर के चालकों के लिए कई महत्वपूर्ण सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सुरक्षा की मांग की। 1 सितंबर को राष्ट्रीय चालक दिवस घोषित करने की मांग इस मौके पर अध्यक्ष गणेश कटारा ने कहा कि व्यावसायिक चालक देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी हैं, लेकिन उन्हें सही सम्मान और सुरक्षा नहीं मिलती। उन्होंने बताया कि देश की परिवहन व्यवस्था को ठीक रखने में चालक अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन ड्यूटी के दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों और खतरों का सामना करना पड़ता है। कटारा ने सरकार से चालकों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक हितों को लेकर कड़े कदम उठाने की अपील की। ऑल ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन ने एडीएम को सौंपे ज्ञापन में 1 सितंबर को राष्ट्रीय चालक दिवस घोषित करने और चालकों के हितों के लिए राष्ट्रीय चालक आयोग की स्थापना करने की मुख्य रूप से मांग की है। इसके साथ ही ज्ञापन में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में चालक की मौत होने पर उसके परिवार को 20 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की मांग की गई है। वहीं, हादसे में चालक के दिव्यांग होने पर 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने सहित कई और मांगे भी रखी गई हैं।