डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित सतीरामपुर गांव में एक किराना दुकान में चोरी का बड़ा प्रयास विफल हो गया। चोरों ने दुकान की डेढ़ फीट चौड़ी दीवार में ढाई फीट का छेद कर प्रवेश किया। हालांकि, व्यापारी द्वारा सीसीटीवी फुटेज देखने और दुकान पर पहुंचने के बाद चोर मौके से फरार हो गए, जिससे चोरी की वारदात टल गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 3 चोरों की तलाश कर रही है। यह घटना सोमवार रात की है। चोरों ने जितेंद्र कलाल की किराना दुकान को निशाना बनाया। उन्होंने दुकान के पीछे की दीवार में लगभग ढाई फीट का बड़ा छेद किया और उसी रास्ते से दुकान में घुसे। रात करीब 12 बजे चोरों ने दुकान का एक सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया और दुकान का सामान इकट्ठा करना शुरू कर दिया था।