ब्रिटेन के वेल्स में कार्डिफ कैसल (किले) पर पाकिस्तान का झंडा फहराने को लेकर विवाद हो गया है। दक्षिणपंथी रिफॉर्म UK पार्टी ने इसका विरोध किया है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक रिफॉर्म के सीनियर नेता रॉबर्ट जेनरिक ने सोशल मीडिया पर कार्डिफ कैसल पर पाकिस्तानी झंडा फहराए जाने का वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक इमारतों पर विदेशी झंडे फहराया जाना बंद होना चाहिए। कंजरवेटिव नेता बोलीं- यह सम्मान है, कब्जा नहीं कार्डिफ काउंसिल ने बताया कि पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर 14 अगस्त को कैसल पर पाकिस्तान का झंडा फहराया गया था। इससे पहले 9 अगस्त को भी एक कार्यक्रम में झंडा फहराया गया था और वह रातभर लगा रहा। वेल्श कंजरवेटिव सांसद नताशा असगर ने रिफॉर्म के विरोध की आलोचना करते हुए कहा कि वह पाकिस्तानी, भारतीय और पोलिश समुदायों के झंडा फहराने के कार्यक्रमों में शामिल हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम किसी समुदाय का कब्जा नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान दिखाने का तरीका हैं। काउंसिल ने कहा- भारत का झंडा भी फहराया था कार्डिफ काउंसिल के लेबर नेता क्रिस वीवर ने कहा कि पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने का मकसद कार्डिफ में रहने वाले पाकिस्तानी समुदाय के योगदान को सम्मान देना था। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारतीय झंडा भी फहराया गया था। वीवर ने कहा कि काउंसिल लंबे समय से महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मौकों पर अलग-अलग देशों के झंडे फहराती रही है। कार्डिफ कैसल पर वेल्स और ब्रिटेन के झंडे भी लगे रहते हैं। ब्रिटेन में दक्षिणपंथी पार्टी रिफॉर्म UK का प्रभाव बढ़ रहा ब्रिटेन की राजनीति में नाइजल फराज की रिफॉर्म UK तेजी से मजबूत हो रही है। पार्टी करीब 35% समर्थन के साथ कई सर्वे में सबसे आगे है। अब उसका असर सिर्फ इंग्लैंड तक नहीं, वेल्स और स्कॉटलैंड में भी दिख रहा है। ब्रिटेन में इमिग्रेशन और महंगाई लोगों की बड़ी चिंताएं हैं। छोटी नावों से इंग्लिश चैनल पार कर ब्रिटेन आने वालों और शरण मांगने वालों का मुद्दा रिफॉर्म UK लगातार उठाती है। दूसरी पार्टियों की कमजोरी का उसे फायदा मिल रहा है। फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक कंजरवेटिव सरकार के दौरान इमिग्रेशन बढ़ा, लेकिन इसे रोकने के वादे पूरे नहीं हुए। अब लेबर पार्टी की सरकार भी इस मुद्दे पर दबाव में है। इससे रिफॉर्म को यह कहने का मौका मिलता है कि बड़ी पार्टियां समस्या हल नहीं कर पा रही हैं। 2024 के चुनाव में रिफॉर्म UK को 14.3% वोट मिले और 5 सीटें मिलीं। इसके बाद स्थानीय चुनावों में भी पार्टी मजबूत हुई। कंजरवेटिव से नाराज दक्षिणपंथी वोटर तो उसके साथ आए ही, लेबर से निराश कुछ मतदाता भी उसे विकल्प मानने लगे हैं। ----------------------------- ये खबर भी पढ़ें… ट्रम्प को रेयर-अर्थ मिनरल नहीं भेज पा रहा पाकिस्तान:बलूच हमलों से अमेरिकी कंपनी का काम बंद; मुनीर ने वॉशिंगटन में दिखाए थे सैंपल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का ड्रीम प्रोजेक्ट अटक गया है। पाकिस्तान से रेयर अर्थ मिनरल (दुर्लभ खनिज) की अगस्त में प्रस्तावित खेप अमेरिका नहीं भेजी जा सकी। इसके बाद कराची और इस्लामाबाद में अमेरिकी कंपनी यूएस स्ट्रेटेजिक मेटल्स (USSM) के दफ्तरों में काम बंद हो गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें….