जैसलमेर में नगर निकाय के चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 9 सितंबर को जैसलमेर नगर परिषद के लिए मतदान होगा। वहीं दूसरे चरण में 11 सितंबर को पोकरण नगर पालिका के लिए वोट डाले जाएंगे। जैसलमेर नगर परिषद के वार्ड नंबर 23 में पार्षद का निर्विरोध चुनाव पहले ही हो चुका है। अब बाकी 44 वार्डों में 143 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन वार्डों में कुल 35,837 मतदाता हैं। इनमें 18,765 पुरुष, 17,070 महिलाएं और 2 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाल सकेंगे। सभी वार्डों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तक भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला रहा। वहीं, कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। परिवार के तीन सदस्य अलग-अलग वार्डों में, रिश्तेदार भी आमने-सामने जैसलमेर के निकाय चुनाव में इस बार दिलचस्प सियासी गणित देखने को मिल रहा है। एक ही परिवार के तीन सदस्य अलग-अलग वार्डों से चुनाव लड़ रहे हैं। कई वार्डों में चाचा-भतीजे और अन्य रिश्तेदार भी आमने-सामने हैं। परिसीमन के बाद बदले चुनावी समीकरणों के बीच प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर भाईचारे का संदेश भी दिया। मतदान के दिन छुट्टी, 14 सितंबर तक ड्राई डे मतदान के दिन जिले के सभी सरकारी और निजी कार्यालयों के साथ शिक्षण संस्थानों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। शांतिपूर्ण मतदान और निष्पक्ष प्रक्रिया के लिए जिले में 14 सितंबर को मतगणना होने तक शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दौरान ड्राई डे रहेगा। 500 से ज्यादा कर्मचारी और 1,200 से अधिक जवान तैनात चुनाव व्यवस्था के लिए 500 से अधिक चुनावी कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 1,200 से अधिक पुलिसकर्मी, होमगार्ड और आरएसी के जवान लगाए गए हैं। मतदान के लिए कुल 58 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 18 संवेदनशील बूथ हैं। यहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और वेबकास्टिंग के जरिए लाइव निगरानी की जाएगी। मौसम साफ रहने का अनुमान, बूथों पर पानी-छाया की व्यवस्था मौसम विभाग के अनुसार मतदान के दिन जैसलमेर में धूप खिली रहेगी और मौसम साफ रहने का अनुमान है। तेज गर्मी को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया और शेड की समुचित व्यवस्था की गई है।