डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आखिरकार अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने डूंगरपुर नगर परिषद के सभी 40 वार्डों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। कांग्रेस ने टिकट वितरण में सामाजिक और महिला प्रतिनिधित्व का संतुलन साधने की कोशिश की है। 40 वार्डों में से 14 वार्डों में महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस ने नगर परिषद के सभापति पद के लिए भरत नागदा को अपना उम्मीदवार पहले ही घोषित कर रखा है। अब वार्डों की सूची जारी होने के बाद यह भी साफ हो गया है कि नागदा वार्ड 26 से पार्षद का चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के लिए सभापति पद हासिल करने की राह में उनका वार्ड चुनाव भी अहम माना जा रहा है। सागवाड़ा नगरपालिका चुनाव में 11 सीटों पर महिलाओं को टिकट सागवाड़ा नगरपालिका चुनाव को लेकर भी कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने नगरपालिका के सभी 35 वार्डों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। इनमें 11 वार्डों में महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है। प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही अब सागवाड़ा में चुनावी मुकाबला और तेज होने के आसार हैं। कांग्रेस की ओर से वार्डवार प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ गई है। पार्टी ने अलग-अलग वार्डों में स्थानीय समीकरणों और दावेदारों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन किया है।