डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के गोवाड़ी गांव में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान पुलिस श्मशान घाट पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की बेटी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सागवाड़ा सीआई मनीष कुमार ने बताया कि गोवाड़ी निवासी गौतमलाल यादव (82) को बीती रात करीब 10 बजे उनके बेटे कांतिलाल यादव गंभीर घायल अवस्था में सागवाड़ा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। कांतिलाल ने डॉक्टरों और परिजनों को बताया था कि पिता घर की छत से अचानक गिर गए थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। अस्पताल में इलाज के दौरान गौतमलाल ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को रात में ही घर ले आए थे। सुबह जब अंतिम संस्कार के लिए समाज के लोग, ग्रामीण और रिश्तेदार एकत्रित हुए तो उन्होंने अंतिम स्नान और रस्मों के दौरान मृतक के शरीर पर बने निशानों पर गौर किया। गौतमलाल के सिर, कान और हाथ पर गंभीर और गहरे घाव के निशान थे, जो केवल गिरने से लगी चोट जैसे नहीं लग रहे थे। पुलिस ने शव का सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमार्टम करवाया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। बेटी ने जताई अनहोनी की आशंका, पुलिस को दी सूचना पिता के शरीर पर गंभीर घाव देखकर उनकी बेटी कल्पना यादव को मौत के कारणों पर शक हुआ। कल्पना ने तुरंत सागवाड़ा थाना पुलिस को फोन किया और रिपोर्ट दी कि उनके पिता की मौत सामान्य दुर्घटना या छत से गिरने से नहीं हुई है, बल्कि यह पूरा मामला पूरी तरह से संदिग्ध है। सूचना पर सागवाड़ा थाना पुलिस गोवाड़ी गांव के श्मशान घाट पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को स्थिति समझाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रुकवाया और शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी लाया गया। जहां डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम करवाया गया। फिलहाल, बेटी कल्पना यादव की रिपोर्ट पर सागवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। पुलिस परिजनों के बयानों और हर संभावित एंगल को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।