जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने मंगलवार को स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में पीठासीन और मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी जरूरी बिंदुओं को ध्यान से समझें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव के काम में हर अधिकारी की भूमिका अहम होती है। सभी अधिकारी चुनाव आयोग के निर्देशों और तय नियमों का पूरी तरह पालन करें। इससे निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित हो सकेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका तलानिया ने भी प्रशिक्षण स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे अधिकारियों से बातचीत की और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े जरूरी निर्देश दिए। इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को मतदान केंद्र पर चुनाव प्रक्रिया, मतदान से जुड़े उनके दायित्वों, जरूरी कागजातों और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी गई।