जयपुर में आयोजित ‘इवेंटस्थान 2026’ में हरियाणवी डांसर और परफॉर्मर सपना चौधरी ने अपनी धमाकेदार प्रस्तुति से माहौल में रंग भर दिया। सपना चौधरी ने बॉलीवुड और हरियाणवी गानों पर शानदार डांस परफॉर्मेंस दी, जिस पर दर्शक झूम उठे। वहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस महक चहल ने विजेताओं को अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। उनकी एनर्जी से भरी प्रस्तुति पर कार्यक्रम में मौजूद इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े प्रोफेशनल्स भी झूमते नजर आए। फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स (फोरम) की ओर से आयोजित 13वें वार्षिक कन्वेंशन ‘इवेंटस्थान 2026’ में सपना ने परफॉर्म किया। तीन दिवसीय इस कन्वेंशन में देशभर से 400 से अधिक इवेंट मैनेजर्स और इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स शामिल हुए। आयोजन में इंडस्ट्री के अनुभवी दिग्गजों से लेकर नई पीढ़ी के प्रोफेशनल्स तक ने एक मंच पर अनुभव साझा किए और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। ऑडियंस के सामने परफॉर्म करने का हमेशा अलग होता है अनुभव सपना चौधरी सिर्फ परफॉर्मेंस तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने कार्यक्रम में आयोजित एक खास टॉक सेशन में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने कॅरियर, स्टेज परफॉर्मेंस और अब तक के सफर से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि लाइव ऑडियंस के सामने परफॉर्म करने का अनुभव हमेशा अलग होता है और दर्शकों का प्यार कलाकार के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा होता है। स्टेज पर आते ही बदल गया माहौल टॉक सेशन के बाद जैसे ही सपना चौधरी ने स्टेज संभाला, पूरा माहौल मनोरंजन से भर गया। बॉलीवुड और हरियाणवी गानों पर उन्होंने एक के बाद एक प्रस्तुतियां दीं। उनकी तेज-तर्रार डांस स्टाइल और एनर्जी ने ऑडियंस का खूब मनोरंजन किया। सपना की प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका साथ दिया। इवेंट इंडस्ट्री के प्रोफेशनल्स के बीच आयोजित इस खास शाम में उनकी परफॉर्मेंस आयोजन के सबसे चर्चित हिस्सों में रही। इवेंट के फोटोज यहां देखिए…
राजस्थान को ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने पर मंथन फोरम प्रेसिडेंट हितेंद्र शर्मा ने बताया कि कन्वेंशन का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था, बल्कि इंडस्ट्री के लोगों को एक मंच पर लाकर नए अवसरों, बदलते ट्रेंड्स और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा करना भी था। कन्वेंशन के दौरान ‘वेडिंग्स–पिनटेरेस्ट या इंट्रेस्ट’, ‘सस्टेनेबिलिटी एंड ग्रोथ’, ‘IP–द फ्यूचर’ और सरकारी टेंडरिंग जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे। वक्ताओं ने बदलती तकनीक, ग्राहकों की नई पसंद और इवेंट इंडस्ट्री में क्रिएटिविटी के बढ़ते महत्व पर भी चर्चा की। विशेष रूप से ‘राजस्थान–ट्रेडिशन से ट्रांसफॉर्मेशन’ सत्र में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक सोच और नए कारोबारी अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया। इस सत्र में राजीव अरोड़ा ने राजस्थान की परंपरा और विरासत को आधुनिक इवेंट इंडस्ट्री के साथ जोड़ते हुए प्रदेश को वैश्विक स्तर पर और मजबूत डेस्टिनेशन बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की। फोरम सेक्रेटरी भुवनेश अग्रवाल ने बताया कि कन्वेंशन में फोरम के पूर्व अध्यक्ष महावीर प्रताप शर्मा, हरप्रीत बग्गा, मोहित माहेश्वरी, इवेंट गुरु अरशद हुसैन और ईमा प्रेसिडेंट दीपक चौधरी सहित देशभर से आए प्रमुख प्रोफेशनल्स मौजूद रहे। डेस्टिनेशन वेडिंग से टूरिज्म तक कनेक्टिविटी पर जोर कन्वेंशन में राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय वेडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, महल, किले, संस्कृति और हॉस्पिटैलिटी इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए खास बनाते हैं। इवेंट मैनेजमेंट, डेस्टिनेशन वेडिंग, टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी और एंटरटेनमेंट सेक्टर के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं का मानना रहा कि इन क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय से राजस्थान में बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की संभावनाएं और बढ़ सकती हैं। पुरु लाइव बैंड और मोती खान ने भी जमाया रंग ‘इवेंटस्थान 2026’ में मनोरंजन का सिलसिला पूरे कन्वेंशन के दौरान जारी रहा। पुरु लाइव बैंड की म्यूजिकल प्रस्तुति ने माहौल को संगीतमय बनाया। वहीं दूसरे दिन मोती खान ने लोक संगीत की प्रस्तुति देकर राजस्थान और भारतीय लोक संस्कृति की रंगत बिखेरी। वहीं, ‘द कपिल शर्मा शो’ से जुड़े लोकप्रिय किरदारों की कॉमेडी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। महक चहल ने दिए अवॉर्ड कन्वेंशन के समापन अवसर पर आयोजित अवॉर्ड सेरेमनी में इवेंट और वेडिंग इंडस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रोफेशनल्स और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। अभिनेत्री महक चहल ने समारोह में पहुंचकर विजेताओं को अवॉर्ड प्रदान किए।