उत्तर भारत का प्रसिद्ध गोगामेड़ी मेला शुक्रवार को विधिवत पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ शुरू हो गया। यह मेला सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक माना जाता है। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, भादरा विधायक संजीव बेनीवाल और पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने ध्वजारोहण कर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने गोगाजी महाराज की समाधि पर चादर चढ़ाकर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस मेले में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा, विद्युत, फायर ब्रिगेड, पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई है। कतार में लगे श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए बैरिकेडिंग क्षेत्र के भीतर छह प्रसाद और आवश्यक सामग्री की दुकानें स्थापित की गई हैं, ताकि उन्हें बाहर न जाना पड़े। डॉ. यादव ने जोर देकर कहा कि मेले को श्रद्धा, सौहार्द और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भादरा विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि गोगामेड़ी मेला प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मेला मजिस्ट्रेट ने जानकारी दी कि साफ-सफाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में प्रभारी अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। 255 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी देवस्थान विभाग के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क रैन बसेरे, बड़े डोम, पेयजल, शौचालय, कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस बार 255 उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनसे पूरे मेला क्षेत्र और बैरिकेडिंग मार्ग की निगरानी की जाएगी। मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। 932 से अधिक जवानों का विशेष जाब्ता तैनात पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि मेले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए 932 से अधिक पुलिसकर्मी, आरएसी, होमगार्ड और ट्रैफिक पुलिस का विशेष जाब्ता तैनात किया गया है। देवस्थान विभाग द्वारा 631 अस्थायी दुकानों, पार्किंग और मनोरंजन स्थलों के लिए ऑनलाइन ई-नीलामी की प्रक्रिया भी पूरी की गई है। उद्घाटन समारोह में नोहर एसडीएम सुनीता यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, गोगामेड़ी प्रशासक महंत रूपनाथ, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. आनंद स्वरूप सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।