नगरीय निकाय चुनाव को लेकर हनुमानगढ़ में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही नगर परिषद में अपना बोर्ड बनने का दावा कर रही हैं। गुरुवार को दोनों दलों के नेताओं ने चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन और कार्यकर्ता सम्मेलनों के दौरान एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा और मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान की अपील की। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय उद्घाटन के दौरान दावा किया कि कांग्रेस हनुमानगढ़ नगर परिषद के साथ जिले की सभी 7 नगर पालिकाओं में भारी बहुमत से बोर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में टिकट के लिए प्रत्येक वार्ड से कई आवेदन आए थे। पार्टी ने युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए करीब 55 से 60 प्रतिशत टिकट दिए हैं। मक्कासर ने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम आदमी का घरेलू बजट बिगड़ गया है। चीनी जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दाम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब निकाय चुनाव में देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हार के डर से सामान्य पांच वर्ष की अवधि के बजाय सात साल बाद निकाय चुनाव करा रही है। कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन खारिज होने के मामले में भी उन्होंने सरकार और अधिकारियों पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया। ‘मिनी चंडीगढ़’ के मुद्दे पर मक्कासर ने कहा कि इसकी नींव कांग्रेस शासन में रखी गई थी। उन्होंने मौजूदा विधायक पर शहर में विकास कार्य नहीं कराने और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया। नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनना तय: गौरा वहीं, भाजपा ने भी चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत बताते हुए नगर परिषद में बोर्ड बनाने का दावा किया। गुरुवार को हनुमानगढ़ पहुंचे भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गौरा ने युवा सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने जंक्शन के वार्ड नंबर एक से भाजपा प्रत्याशी बलविन्द्र कौर के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया। गौरा ने कहा कि राजस्थान सहित हनुमानगढ़ में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनना तय है। उन्होंने निर्दलीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपना वर्चस्व खो चुके हैं और जनता को अब लगता है कि उनसे वोट देकर गलती हुई। गौरा ने कांग्रेस पर अंदरूनी कलह और अराजकता का आरोप लगाते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस बार बड़ी संख्या में युवाओं को टिकट देकर उन्हें नेतृत्व का अवसर दिया है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ प्रचार में जुटे हैं और युवा वर्ग भाजपा की नीतियों व विकास कार्यों से प्रभावित है। अब दोनों प्रमुख दलों के दावों के बीच चुनावी मुकाबला रोचक होता जा रहा है। मतदाता स्थानीय मुद्दों, विकास और प्रत्याशियों के प्रदर्शन के आधार पर किसके पक्ष में फैसला देते हैं, इसका परिणाम चुनाव के बाद ही सामने आएगा।