ब्यावर नगर परिषद के बुधवार (9 सितंबर) को होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ब्यावर नगर परिषद क्षेत्र के 60 वार्डों में मतदान के लिए कुल 138 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभापति पद सामान्य होने के कारण इस बार सभी वार्डों में चुनावी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। नगर परिषद के 60 वार्डों से कुल 240 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। निर्वाचन अधिकारी जयपालसिंह राठौड़ ने बताया कि ब्यावर नगर परिषद क्षेत्र में कुल 1,47,127 मतदाता अपने वोट डालेंगे। इनमें 73,688 पुरुष और 73,434 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के खास इंतजाम किए हैं। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार चुनाव को देखते हुए शहर में 14 संवेदनशील और 40 क्रिटिकल मतदान केंद्र पहचाने गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। चुनाव व्यवस्था को सही तरीके से चलाने के लिए ब्यावर नगर परिषद क्षेत्र को 15 जोन में बांटा गया है। हर जोन के लिए एक-एक जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इसके अलावा किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए दो रिजर्व जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। प्रशासन मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है। संवेदनशील और क्रिटिकल केंद्रों पर खास निगरानी के साथ चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए प्रशासन और पुलिस भी तैयारियां पूरी कर रहे हैं।