हनुमानगढ़ की भादरा थाना पुलिस ने गश्त के दौरान अवैध जिप्सम से भरे एक ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई जिप्सम की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक आदित्य ने बताया कि थाना प्रभारी राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक नंबर HR 39 E 4469 को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रक में अवैध जिप्सम का परिवहन करते हुए पाया गया, जिसके बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश पुत्र संतलाल बिश्नोई (31) के रूप में हुई है। वह सदलपुर, तहसील एवं थाना मंडी आदमपुर, जिला हिसार का निवासी है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 342/2026, धारा 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब अवैध जिप्सम के स्रोत, इसे कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना भादरा के हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार (113), कॉन्स्टेबल महावीर (543) और कॉन्स्टेबल अशोक कुमार (1042) शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।