हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 10.24 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी स्थानीय निवासी है और किराए के मकान में रहता था। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने और तस्करों को पकड़ने के लिए जिले के सभी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के थानाधिकारी रामचंद्र कसवां के नेतृत्व में एसआई चुंका की टीम गश्त कर रही थी। संदिग्ध हरकत देखकर टीम ने चैकिंग की। तब मुकेश कुमार (34) पुत्र गुलशन कुमार अरोड़ा निवासी वार्ड नंबर 24 नई आबादी गली नंबर 4, हनुमानगढ़ टाउन को 10.24 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ रंगे हाथों पकड़ा। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच हनुमानगढ़ टाउन थाने की एसआई ज्योति कर रही हैं। इस कार्रवाई में एसआई चुंका, एएसआई प्रदुमन यादव, हेड कॉन्स्टेबल मेजर सिंह, कॉन्स्टेबल चेतनराम और अज़ायब सिंह शामिल थे। जिला पुलिस ने बताया कि छोटे-छोटे सप्लाई पॉइंट्स तक पहुंचकर नशा नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत गश्त और चेकिंग बढ़ा दी गई है। पुलिस ने साफ किया है कि हेरोइन जैसी खतरनाक ड्रग की तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।