नीट-पीजी (NEET PG-2026) परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त कराने के लिए हनुमानगढ़ प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार 30 अगस्त को जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9 से दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा होगी, जिसमें कुल 489 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में किसी भी तरह की धांधली और नकल रोकने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, विद्युत, पेयजल और चिकित्सा सहित पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं, साइबर सेल सोशल मीडिया पर फर्जी पेपर उपलब्ध कराने का दावा करने वाले ग्रुप्स पर भी नजर रख रही है। दो केंद्रों पर परीक्षा, प्रशासन ने संभाली कमान जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि आयुर्विज्ञान राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBE), भारत सरकार की ओर से आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए जिले में दो केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हनुमानगढ़ टाउन की करतारपुर कॉलोनी स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल और हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित संस्कार कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन शामिल हैं। दोनों केंद्रों पर परीक्षा रविवार को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। सुरक्षा से लेकर बिजली-पानी तक पुख्ता इंतजाम जिला कलेक्टर ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और गोपनीयता से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। पुलिस, चिकित्सा, विद्युत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सूचना प्रौद्योगिकी और जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। नकल मिली तो होगी सख्त कार्रवाई डॉ. खुशाल यादव ने स्पष्ट किया कि यदि कोई परीक्षार्थी नकल या किसी अन्य अनियमित गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। फर्जी पेपर बेचने वालों पर साइबर सेल की नजर परीक्षा से पहले साइबर ठगी और फर्जी पेपर के नाम पर अभ्यर्थियों को गुमराह करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। साइबर सेल टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर फर्जी पेपर बेचने का दावा करने वाले ग्रुप्स की निगरानी कर रही है। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी तरह के बहकावे में न आएं और परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों पर ही भरोसा करें। पेपर लीक गिरोहों पर 1 करोड़ तक जुर्माना देशभर में लागू नए सख्त कानून के तहत परीक्षा में संगठित धांधली या पेपर लीक कराने वाले गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। ऐसे मामलों में 1 करोड़ रुपए तक का जुर्माना और 7 से 10 साल तक की कठोर जेल की सजा का प्रावधान बताया गया है। मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया गया है। हाईटेक सुरक्षा घेरे में होगी परीक्षा कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में तकनीकी स्तर पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर टू-लेयर फ्रिस्किंग यानी दो स्तर की शारीरिक जांच और आधार आधारित बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन को अनिवार्य किया गया है। इसका उद्देश्य फर्जी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने से रोकना और परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना है।