हनुमानगढ़ में प्लॉट की रजिस्ट्री के नाम पर 9 लाख 40 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने इस संबंध में कोर्ट से मिले इस्तगासे के आधार पर केस दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने प्लॉट की रकम हड़प ली और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। यह इस्तगासा सोनू कुमार (39) पुत्र कृष्णलाल कुम्हार, निवासी वार्ड नंबर 1, रामसरा नारायण, चक 19 एचएमएच ने एसीजेएम कोर्ट में पेश किया था। इसमें आरोपी सुनील पुत्र पुखराज मेघवाल, निवासी मेघवालों का बास, बढ़ाणा जिला नागौर (हाल ढिल्लों ईंट उद्योग, गांव गंगागढ़, पंचायत श्रीनगर, हनुमानगढ़) के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। 2 प्लॉट का इकरारनामा भी तैयार करवाया इस्तगासे के मुताबिक, शिकायतकर्ता की आरोपी से पुरानी जान-पहचान थी। आरोपी ने सोनू को बताया कि एमकेके एन्क्लेव कॉलोनी में प्लॉट नंबर 205 और 206 बेचने का अधिकार उसके पास है। दोनों प्लॉट का साइज 25 गुणा 45 फीट बताया गया था। दोनों पक्षों के बीच कुल 13 लाख 40 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। शिकायतकर्ता ने 14 जुलाई 2025 को आरोपी को 9 लाख 40 हजार रुपए नकद पेशगी के तौर पर दिए। इसी दिन दोनों प्लॉट का इकरारनामा तैयार करवाकर नोटरी पब्लिक से अटेस्टेड करवाया गया। आरोपी 2 महीने तक रजिस्ट्री के लिए टालमटोल करता इकरारनामे के अनुसार, बाकी 4 लाख रुपए 6 महीने बाद 14 जनवरी 2026 को फाइनल बैनामे के समय देने थे। पूरी रकम मिलने पर प्लॉटों की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम होनी थी। रजिस्ट्री की तय तारीख से दो-तीन दिन पहले आरोपी ने एमकेके एन्क्लेव के मालिक कमलदीप से विवाद होने की बात कहकर कुछ समय मांगा। पुरानी जान-पहचान के कारण शिकायतकर्ता ने उसकी बात पर भरोसा कर लिया। इसके बाद आरोपी करीब 2 महीने तक रजिस्ट्री के लिए टालमटोल करता रहा। आरोपी ने 1 जून 2026 को शिकायतकर्ता की रकम वापस करने की बात कही, लेकिन पैसे वापस नहीं किए। 29 जून को संपर्क होने पर आरोपी ने न तो प्लॉट की रजिस्ट्री करवाने और न ही 9 लाख 40 हजार रुपए लौटाने की बात कही तथा धमकी दी कि दोबारा फोन या आमने-सामने संपर्क करने पर जान से मार देगा। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर इस्तगासे के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई कैलाशचंद को सौंप दी है।