हनुमानगढ़ में फेफाना थाना पुलिस ने घर से 10 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी और आभूषण बरामद कर लिए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक आदित्य ने बताया कि 27 अगस्त 2026 को वार्ड नंबर 10, फेफाना निवासी प्रदीप कुमार पुत्र केसरनाथ गोदारा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी के अनुसार, 26 अगस्त को उनका परिवार घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर लगभग 10 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 129/2026, धारा 305, 331(4) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सेक्टर नोहर) गीता चौधरी और वृत्ताधिकारी (नोहर) सुभाष पूनिया के पर्यवेक्षण में फेफाना थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। एसआई भंवरलाल और उनकी टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाएं एकत्रित कीं, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। प्राप्त सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशरफ अली उर्फ इकबाल खान (22 वर्ष), पुत्र रशीद खान, निवासी वार्ड नंबर 11, तलवाना, तहसील नोहर, जिला हनुमानगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। पुलिस अब आरोपी से वारदात के संबंध में आगे की पूछताछ कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि उसकी संलिप्तता अन्य चोरी की घटनाओं में तो नहीं है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार, एसआई भंवरलाल, हेड कॉन्स्टेबल जगमोहन (2101) और कॉन्स्टेबल संदीप (570) शामिल थे।