हरिशचंद्र सिंह जसोल को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष भैरूसिंह चौहान ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। जसोल पिछले 12 साल से सामाजिक और संगठनात्मक कामों में सक्रिय हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस जिम्मेदारी से मारवाड़ समेत क्षत्रिय समाज में खुशी का माहौल है। क्षत्रिय समाज की एकता, स्वाभिमान के लिए काम करती है सभा अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा क्षत्रिय समाज की एकता, स्वाभिमान, सामाजिक उत्थान और युवा सशक्तिकरण के लिए काम करती है। यह संगठन गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण व संवर्धन पर भी ध्यान देता है। हरिशचंद्र सिंह जसोल को यह जिम्मेदारी उनकी लंबी सामाजिक भागीदारी, सेवाभाव और संगठनात्मक सक्रियता पर भरोसे के तौर पर देखी जा रही है। हरिशचंद्र सिंह जसोल अभी भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हैं। वे श्री रावल मल्लीनाथ श्री राणी रूपादे संस्थान, तिलवाड़ा के ट्रस्ट सदस्य और प्रबंधन समिति अध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा, वे श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के समिति सदस्य और प्रवक्ता हैं। साथ ही, श्री मल्लीनाथ गौशाला समिति के समिति सदस्य के तौर पर भी कई जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। अपने सामाजिक जीवन में वे शिक्षा, चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने में लगे हैं। वे आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की मदद करते हैं। बुजुर्गों और बेसहारा लोगों की सहायता, विद्यार्थियों को प्रोत्साहन, खेल और युवा गतिविधियों, गौसेवा और धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण-संवर्धन से जुड़े कामों में भी लगातार हिस्सा लेते रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी कर रहे काम इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, व्यापक वृक्षारोपण एवं हरित क्षेत्र विकास, जल संरक्षण, पारंपरिक जलस्रोतों एवं जलाशयों के संरक्षण-विकास, स्वच्छता अभियान तथा सार्वजनिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। विभिन्न अवसरों पर विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार तथा चिकित्सा एवं जनहित से जुड़े सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने में भी वे सक्रिय रहे हैं। सेवा, संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं गौरवशाली विरासत के प्रति प्रतिबद्धता उनके सार्वजनिक जीवन के प्रमुख आधार रहे हैं। समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संवाद के साथ युवा पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार, सामाजिक दायित्व, सेवा एवं राष्ट्रहित के रचनात्मक कार्यों से जोड़ने की दिशा में वे कार्यरत हैं। महासभा में मिले इस राष्ट्रीय दायित्व के माध्यम से देशभर की क्षत्रिय युवा शक्ति को संगठित करने, शिक्षा एवं सामाजिक चेतना को प्रोत्साहित करने, युवाओं में नेतृत्व एवं सेवाभाव विकसित करने तथा क्षत्रिय समाज के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, संस्कार, संस्कृति एवं विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। हरिशचंद्र सिंह जसोल को दी शुभकामनाएं हरिशचंद्र सिंह जसोल की नियुक्ति को मारवाड़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। उनकी नियुक्ति पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, गणमान्यजनों, युवाओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी हैं।